Breaking News *संविधान दिवस : कांग्रेस ने आंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया...!!*

Breaking News
*संविधान दिवस : कांग्रेस ने आंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया...!!*


*नई दिल्ली।* एक तरफ सरकार संविधान दिवस मना रही है। दूसरी तरफ विपक्ष इसका विरोध कर रहा है। कांग्रेस ने मंगलवार को संविधान दिवस के मौके पर संसद भवन के बाहर संविधान निर्माता डॉक्टर भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया । पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी सांसद राहुल गांधी ने भी शामिल हुए।


कांग्रेस को सभी विपक्षी दलों का साथ मिला। टीएमसी, वाम दल, सपा, डीएमके, वाइको, आरजेडी, शिव सेना, एनसीपी समेत सभी दल इस विरोध प्रदर्शन शामिल हुए। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने बैनर पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया। बैनर पर लोकतंत्र की हत्या करने, संविधान पर हमला नहीं करने जैसे स्लोगन लिखे हुए थे।


*संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का कांग्रेस ने किया बहिष्कार*


कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर संविधान की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र में जारी सियासी उटापटक के बीच सोनिया गांधी ने आंबेडकर की प्रतिमा के सामने संविधान की प्रस्तावना पढ़ते हुए कहा कि महाराष्ट्र में सरकारी कार्रवाई संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। इससे पहले संविधान दिवस के मौके पर संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम का कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों ने बहिष्कार किया।


संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "सभी नागरिकों को बधाइयां और शुभकामनाएं। इस दिन हमारे महान नेताओं को उनके योगदान के लिए श्रद्धांजलि और हम संविधान को बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि हमें इस पर गर्व है।"


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट किया, "आज संविधान दिवस है और सत्ता में बैठे लोग संविधान के लोकाचार को दरकिनार कर रहे हैं। वे धन की ताकत के दम पर लोगों की ताकत को कम करने का खेल खेल रहे हैं। हम संविधान के साथ धन शक्ति का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रतिज्ञा लेते हैं कि हम लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।"